राजगढ़ (एमबीएम न्यूज): शनिवार को उपमंडल राजगढ़ के तहत एक महिला पूर्व प्रधान ने ड्यूटी के दौरान एक सरकारी कर्मचारी की पिटाई कर डाली। इस संबंध में पुलिस ने बीडीओ कार्यालय के कनिष्ठ सहायक जोगेंद्र सिंह की शिकायत पर पूर्व प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं पूर्व प्रधान ने भी कर्मचारी पर उसके साथ छेड़छाड़ करने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता जोगेंद्र सिंह ने बताया कि आज दिन के समय माटल बखोग की पूर्व प्रधान मीरा देवी अपने पुराने कार्य की अदायगी के लिए कार्यालय में आई थी। इस पर जब कर्मचारी ने पूर्व प्रधान को कार्य से संबंधित पूरे कागज देने को कहा, तो पूर्व प्रधान ने न केवल उसके साथ दुर्व्यवहार किया, बल्कि बेवजह मारपीट भी की। उधर पूर्व प्रधान ने जोगेंद्र सिंह पर भी कार्यालय में उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस ने क्रास मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।