शिमला, 14 मार्च : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर सोमवार को जमकर हल्ला हुआ। विधानसभा का घेराव करने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच धक्का मुक्की हो गई। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरिकेड्स लांघने की कोशिश की। ऐसे में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के दौरान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के कपड़े तक फट गए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस भंडारी समेत अन्य युकां नेताओं को गिरफ्तार कर ले गई।
दरअसल प्रदेश भर से एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता विधानसभा के समीप चौड़ा मैदान में इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी संजय दत्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित कई विधायक इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। माहौल तब बिगड़ा जब रैली के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी तादाद में चौड़ा मैदान से बेरिकेड लांघ कर विधानसभा के पास पहुंच गए और यहां भी बेरिकेड पार कर विधानसभा की ओर जाने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जब रोका तो वे भड़क गए और दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की होने लगी और इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी के कपड़े फट गए। इस बीच कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर युकां कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शान्तिपूर्ण ढंग से चौड़ा मैदान शिमला में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी, महगाई के विरोध में सरकार तक जनता की आवाज पंहुचा रहे थे, परंतु सरकार सत्ता के नशे में इस कद्र मदहोश है कि किसी भी वर्ग की आवाज़ सुनने को तैयार नहीं है।
उनके ऊपर लाठी चार्ज किया गया जिस में कई युवाओं को घंभीर चोटें आई और उपचारधीन हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के इस कृत्य की घोर निंदा करती हैं और दोषियों के खिलाफ करवाही की मांग करती है।