सोलन, 20 फरवरी : शहर के खूंडीधार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने एक आवारा कुत्ते के मुँह में इंसानी हाथ को दबा कर ले जाते हुए देखा। इस पर लोगों में खौफ पैदा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि आसपास के इलाके में महिला का शव भी हो सकता है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्यवाही में जुटी हुई है।
एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सोलन के खूंडीधार में एक महिला का आधी बाजु के साथ हाथ मिला है। उधर स्थानीय लोगों के अनुसार जब वह नलके से पानी भर रहे थे तो उन्होंने देखा की एक काले रंग का कुत्ता मुंह में किसी इंसानी शरीर की कटी हुई बाजू सड़क से नीचे झाड़ियों की तरफ ले जा रहा है। जब तक वह कुत्ते को पकड़ पाते तब तक वो भाग गया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से बाजु को ढूंढा और कार्यवाही शुरू की है। कयास लगाए जा रहे है कि आसपास किसी महिला का शव भी बरामद हो सकता है। लिहाजा पुलिस ने इस पहलू पर भी जांच शुरू की है साथ ही सर्च ऑपरेशन भी चलाया हुआ है।