ऊना (एमबीएम न्यूज): उद्योग एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के पिता स्व. ओंकार शर्मा कोई साधारण शख्सियत नहीं थे। स्व. ओंकार हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में लंबी सेवाएं देने के उपरांत 31 अगस्त 1989 को ऊना से बतौर जिला लोक संपर्क अधिकारी सेवानिवृत हुए थे। वह लंबे समय तक प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ के वरिष्ठ नेता भी रहे और कई कर्मचारी आंदोलनों की उन्होंने अगुवाई भी की थी।
उन्होंने सेवानिवृति के उपरांत एक अंग्रेजी दैनिक में भी अपनी सेवाएं प्रदान की और मीडिया विश्लेषक के रूप में भी उनकी एक अलग पहचान थी। वह हिमाचल प्रदेश एग्रो पैकेजिंग के वायस चेयरमैन भी रहे। बागवानी व गीत संगीत प्रेमी ओंकार शर्मा सामाजिक व रचनात्मक कार्यों में भी अग्रणी रहते थे। उल्लेखनीय है कि स्व. ओंकार शर्मा का रविवार सांय ऊना में उनके निवास स्थान पर निधन हो गया। 85 वर्षीय ओंकार शर्मा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता थे और पिछले एक साल से अस्वस्थ चल रहे थे। वह अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियोंं सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
पिछले एक साल से अस्वस्थ चल रहे ओंकार शर्मा के उपचार में उनके परिजनों ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री उन्हें देश के अग्रणी व प्रतिष्ठित अस्पतालों में उपचार के लिए ले जाते रहे, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उन्हें उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद उनकी तबीयत में विशेष सुधार नहीं हुआ। ओंकार शर्मा को ऊना से विशेष लगाव था और उनकी लगातार इच्छा पर इसी माह उन्हें आईजीएमसी शिमला से हेलीकाप्टर के द्वारा ऊना स्थित उनके आवास में शिफ्ट किया गया था। उनके निधन की खबर से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ओंकार शर्मा का सोमवार 28 मार्च को दोपहर 12 बजे ऊना में अंतिम संस्कार किया जाएगा।