नाहन, 15 फरवरी: ‘साग चुगा खेतों से’ फेम ‘सिंह चैन’ ने कंप्यूटर इंजीनियरिंग (Computer Engineering) की पढ़ाई की है। सोशल मीडिया में जब एक अनोखे अंदाज में ‘देखो जानवर हमारे, पूंजड़ी हिलारे’ गीत पेश किया था तो हर कोई यही समझ रहा था कि ये वीडियो गांव के छोकरे ने मजाकिया (Funny) अंदाज में बनाया है। इसके बाद दूसरा वीडियो में भी सिंह चैन का अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स (Social Media Users) को जमकर भा गया।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने ये पता लगाने का प्रयास किया कि ये कौन है। तब पता चला कि सिंह चैन एक प्रोफैशनल सिंगर (Professional Singer) हैं। लंबे अरसे से मुंबई में भी शो करते रहे हैं। अपने पैतृक प्रदेश में हुनर होने के बावजूद भी बड़ी पहचान नहीं मिल पाई थी। दो साल से कोविड संकट के कारण घर पर ही रहे। फिर अचानक मन में विचार कौंधा कि क्यों न बॉलीवुड के गानों को हिमाचल की ग्रामीण संस्कृति में ढाल दिया जाए।
ये सोच, निशाने पर बैठी। इस समय सिंह चैन के वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं। लिहाजा, ये कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि गांव के होनहार युवक के लिए गांव से ही कीर्ति (Popularity) पाने का रास्ता खुला है। बचपन से ही एक अच्छा कलाकार बनने की चाह आज सफलता की तरफ अग्रसर होती नजर आने लगी है।
जीवन में एक बार….
एक वक्त पहले सोलन के जटोली शिव मंदिर में भजन गाने वाले सिंह चैन को कुदरत ने झटका दिया था। बीमारी के कारण गले में इंफेक्शन हो गया। इस कारण गाना व बजाना बंद हो गया। चूंकि दिल में एक अच्छा कलाकार बनने की चाहत थी, गिटार बजाना शुरू कर दिया। दोस्तों का मनोरंजन करने लगे। धीरे-धीरे कुछ सुधार हुआ तो सुर भी आ गए।
पिता है प्रेरणा….
फिल्मी गानों को ग्रामीण परिवेश से जोड़कर पापुलर हो रहे सिंह चैन अपने पिता मोतीराम को प्रेरणा मानते हैं, क्योंकि पिता को बचपन से हारमोनियम बजाते व गाते देखा है। माता कर्मावती ने भी हौंसला अफजाई की। गुरु परविंद्र सिंह से थोड़ा शास्त्रीय संगीत भी सीखा है। कुछ बाॅलीवुड फिल्मों के कवर सान्ग भी किए हैं।
मुंबई में स्टेज शो में भी सक्रिय रहे। सिरमौर के राजगढ़ से ताल्लुक रखने वाले पाश्र्व गायक राजीव राजा के साथ भी कार्य करने का मौका मिला है। इसके अलावा पैडी शिवोहम पंजाब के बैंड के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
सिंह चैन ने दोस्ती पर अपना लिखा हुआ गाना भी रिलीज किया, जिसके बोल ‘ओ यारा तेरी यारी’ है। इसके बाद ‘शंकरा’ भजन को कंपोज किया था। बैंड के लिए ‘शिव तांडव स़्त्रोतम’ का हिन्दी वर्जन भी लिख चुके हैं। इसके अलावा ‘क्विट ओर डाई शाॅर्ट’ फिल्म भी लिखी है।
अर्धांगिनी भी भागीदार….
सिंह चैन की पत्नी दीदू तंवर भी सफलता में भागीदार बन रही हैं। ‘साग चुगा खेतों से’ पत्नी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती नजर आई।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में सिंह चैन ने बताया कि उन्होंने बहुत से गीत लिखे व कंपोज किए, जिन्हें वे चरणबद्ध तरीके से रिलीज करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बात से सुकून मिलता है कि लोग वीडियो को देखकर हंसते भी हैं। साथ ही कुछ पलों के लिए तनाव मुक्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी होती है, जब लोग खुश होते हैं।