ऊना, 14 फरवरी : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के दौरान गांधी परिवार पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस भड़क उठी है। रविवार को ऊना जिला मुख्यालय पर युवा और महिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका। इस अवसर पर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी व जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राघव ठाकुर मौजूद रहे। कांग्रेस के नेताओं ने असम के मुख्यमंत्री से कांग्रेस और गांधी परिवार से सार्वजनिक रूप में माफी मांगने की मांग की।
निगम भंडारी ने भाजपा पर भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के हनन का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के हर नागरिक का सम्मान करती है और कभी भी किसी पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी नहीं करती। लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री द्वारा की गई टिप्पणी बेहद शर्मनाक है।
निगम भंडारी ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को इस मामले में दखल देते हुए असम के मुख्यमंत्री को माफी मांगने पर मजबूर करना चाहिए। अन्यथा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में ब्लाक स्तर पर असम के मुख्यमंत्री का विरोध करते हुए पुतले फूंकेगी। इस अवसर पर प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव अखिल अग्निहोत्री, अंकुश शर्मा, सौरव सेखड़ी, सीमा शर्मा, शकुंतला देवी, कंचन देवी, जिला महासचिव अभिनव कुमार, चांद ठाकुर अनुज, तनुज, रोहित सहोड सहित अनेक युवा व महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।