शिमला/नाहन, 10 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के शिलाई उपमंडल के नैनीधार गांव में जन्में महाबली द गे्रट खली दलीप सिंह राणा ने वीरवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में खली ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। अचानक ही ये खबर सामने आई है।
बता दें कि खली ने तीन राज्यों के चुनाव से पहले भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। खली के अपने पैतृक प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन उनकी कर्मस्थली पंजाब रही है। लिहाजा, खली को भाजपा पंजाब के चुनाव प्रचार में भी उतार सकती है। हाल ही में महाबली द ग्रेट खली बीजेपी के नेता मनोज तिवारी के साथ भी नजर आए थे। लिहाजा, तिवारी के साथ खली की जुगलबंदी को बीजेपी मुख्यालय के इस राजनीतिक घटनाक्रम से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
WATCH VIDEO : https://youtu.be/Q3mBdSGfmuU
बता दें कि द ग्रेट खली की मनोज तिवारी से पुरानी दोस्ती है। करीब 10 साल पहले मनोज तिवारी खली के भाई की शादी में भी नैनीधार पहुंचे थे। खली ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व से खासे प्रभावित हैं। इस कारण वो भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे है।
उल्लेखनीय है कि चंद सप्ताह पहले द ग्रेट खली की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात हुई थी। इसके बाद दिल्ली के सीएम ने खली की तारीफ में टवीट् भी किए थे। डब्ल्यूडब्ल्यूई को छोड़ने के बाद खली ने अपनी कर्मभूमि पंजाब के जालंधर को बनाया है। भारत में ही शिफ्ट होने के बाद खली ने खुद को एक गैर राजनीतिज्ञ के तौर पर रखा। लेकिन, खली की भाजपा ज्वाइनिंग वीरवार को अचानक ही सामने आ गई।
बता दें कि खली के पैतृक क्षेत्र में भी उनके भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने को लेकर कोई भनक नहीं थी।