नाहन, 7 फरवरी : गिरफ्तारी के चंद घंटों के भीतर ही देवभूमि क्षत्रिय संगठन के राज्य अध्यक्ष रूमित ठाकुर को पुलिस ने रिहा कर दिया है। ये कार्रवाई जेएमआईसी की अदालत में सुनवाई के बाद हुई है। हालांकि, पुलिस को अदालत के आदेश नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस को अदालत में जमानत के आदेश अनाउंस होने की सूचना मिल गई है।
अंतिम समाचार के मुताबिक रूमित ठाकुर को पुलिस ने रिहा कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने रूमित की गिरफ्तारी एससी व एसटी एक्ट का मामला दर्ज करने के बाद की थी। हालांकि, पुष्टि नहीं की जा रही, लेकिन बताया जा रहा है कि रूमित को पहले ससुराल से हिरासत में लिया गया। इसके बाद गिरफ्तारी दिखाई गई। रूमित की गिरफ्तारी के बाद सुबह से ही शहर में माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
क्षत्रिय सगंठन व सवर्ण समाज के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नाहन पहुंचना शुरू हो गए थे। पुलिस थाना के बाहर जमकर नारेबाजी हुई। संगठन के प्रदेश महासचिव योगेश ठाकुर ने प्रदर्शन की कमान संभाली हुई थी। ये भी आरोप लगाया था कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्से से पहुंच रहे संगठन कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को रोका जा रहा है। चक्का जाम की चेतावनी भी दी गई थी। पुलिस ने तड़के ही सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त कदम उठा लिए थे।
रूमित की गिरफ्तारी का मामला, एक वीडियो से जुड़ा हुआ है। इसके बाद दलित शोषण मुक्ति मोर्चा ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंप कर रूमित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।