शिमला, 06 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में व्यापक बर्फ़बारी के बाद जनजीवन अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। वहीं मौसम विभाग ने एक बार फिर मौसम के करवट बदलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में 7 से 10 फरवरी तक राज्य के पहाड़ी इलाकों में बर्फ़बारी की आशंका जताई है। 8 व 9 फरवरी को समूचे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इन दो दिनों में मैदानी भागों में अंधड़ व बिजली कड़कने के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। इस दौरान मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात भी हो सकता है। मैदानी जिलों में अगले 24 घण्टों में घना कोहरा पड़ने की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में 10 फरवरी को मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि प्रदेश में 8 फरवरी से ताज़ा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से बारिश व बर्फ़बारी होने के आसार हैं। 8 व 9 फरवरी को राज्य के मैदानी भागों में आकाशीय बिजली गिरने, अंधड़ चलने और बारिश होने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 10 फरवरी तक मौसम के खराब रहने की संभावना बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के उच्च पर्वतीय स्थानों पर हल्की बर्फ़बारी हुई। केलांग और कुकुमसेरी में दो-दो सेंटीमीटर बर्फ़बारी दर्ज की गई।
केलांग में न्यूनतम तापमान सबसे कम -13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कल्पा में -3.8 डिग्री, मनाली में -1.8 डिग्री, कुफरी में -1.2 डिग्री, डलहौजी में 0.8 डिग्री, शिमला में 1.2 डिग्री, सुंदरनगर में 3.7 डिग्री, भुंतर में 3.9 डिग्री, धर्मशाला व ऊना में 5.2 डिग्री, नाहन में 7.1 डिग्री, पालमपुर में 4 डिग्री, सोलन में 1.7 डिग्री, कांगड़ा में 5.8, मंडी में 5.9, बिलासपुर में 6, हमीरपुर में 5.6, चम्बा में 5.2, जुब्बड़हट्टी में 3.6 और पांवटा साहिब में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।