मंडी, 2 फरवरी : जनपद के सराज विधानसभा के तहसील थुनाग में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा लगभग 85 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्ति को व्हील चेयर प्रदान की गई। यह व्हीलचेयर बीते रोज रेड क्रॉस मंडी की टीम ने थुनाग के शिकावरी गांव में 3 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर टिका चंद को उसके घर पर जाकर प्रदान की। इसके लिए लाभार्थी व स्थानीय पंचायत के उप प्रधान पुष्पराज ने सरकार व जिला प्रशासन का आभार जताया है।
शिकावरी पंचायत के युवा उप प्रधान के द्वारा जिला प्रशासन मंडी से उनकी पंचायत में लाभार्थियों की पहचान व उन्हें सहायता देने की मांग उठाई गई, जिसके बाद जिला प्रशासन ने रेड क्रॉस मंडी को इस बारे में आगामी कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन के निर्देशों के अनुसार रेडक्रॉस मंडी की टीम ने सचिव ओपी भाटिया की अगुवाई में गांव का दौरा किया और यहां पर लोगों से व्यक्तिगत तौर पर बातचीत की व उनकी समस्याओं को जाना।
वहीं सभी को हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही सहारा योजना के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद थुनाग तहसील के शिकावरी गांव के रहने वाले टिका चंद को बिस्तर से उठने व बैठने के लिए व्हीलचेयर प्रदान की। इस मौके पर शिकावरी पंचायत के उप प्रधान पुष्पराज ने सरकार का आभार जताते हुए सभी पात्र लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील भी की।
बता दें कि मंडी जिला प्रशासन ने जिला में दिव्यांगजनों की पहचान और उन्हें सुविधा देने की मुहिम को जोरों से चलाया हैं। इसके तहत जिला में गांवों में जाकर विभाग की टीमें ऐसे लोगों की पहचान कर उनके प्रमाणपत्र आदि बनवाकर उन्हें सरकार की तरफ से दी जाने वाली सहायता घर द्वार दी जा रही है।