सुंदरनगर, 30 जनवरी : कलर्स टीवी पर प्रसारित हो रहे हुनरबाज शो में सुंदरनगर का रोहित ठाकुर ने अपनी प्रतिभा का जलवे बिखेर रहा है। रोहित ने ऑडिशन के बाद अपनी टीवी राउंड की पहली बाधा को पार कर मेगा राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीवी राउंड में रोहित ने शो के जज मिथुन चक्रवर्ती, अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और निर्माता निर्देशक करण जौहर को भी अपनी कॉमेडी से खूब हंसाया। रोहित ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में इस शो का आडिशन दिया था।
ऑडिशन में देश भर से करीब पांच हजार लोग आए हुए थे। ऑडिशन के बाद उनका टीवी राउंड के लिए चयन हुआ। टीवी राउंड में उन्होंने अपने अभिनय के दम पर जजों का प्रभावित किया, और मेगा राउंड में अपनी जगह बनाई।
रोहित ने बताया कि उनका जन्म सुंदरनगर के मलोह में 1991 में हुआ था। पिता लक्ष्मी चंद दिल्ली में ही सीबीआई में नौकरी करते हैं, ऐसे में परिवार सहित वह भी दिल्ली में ही रहे। दिल्ली में ही उनकी शिक्षा हुई।
करीब 11 वर्षों से वे दिल्ली व मुंबई सहित कई जगहों पर बड़े-बड़े सितारों संग एंकरिंग कर चुके हैं। एंकरिंग के दौरान भी वे मंच पर अपनी अदाकारी के जलवे बिखेरते रहे। उनके पिता व माता बिंद्रा देवी ने उन्हें हमेशा कुछ नया करने के लिए प्रोत्साहित किया। जिससे उनका हौसला और बढ़ा और वे इस फील्ड में आगे बढ़ते गए।
रोहित ने बताया कि उनका चयन अब मेगा राउंड के लिए हुआ है, जिसके लिए उन्होंने खूब तैयारी की है। हालांकि अभी तक इसका समय निर्धारित नहीं हुआ है। उनका सपना इस हुनरबाज शो को अपने हुनर के दम पर जीतकर अपने माता-पिता और अपने जिला व गांव का नाम रोशन करना है।