कुल्लू, 18 जनवरी : जनपद के बंजार उपमंडल में गाड़ा गुशैणी एरिया में एक जेसीबी सड़क से खाई में जा गिरी है। इसमें 7 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें से 4 गंभीर घायलों को अब तक खाई से बाहर निकाल कर बंजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार लाया जा रहा है। जबकि बाकी लोगों की तलाश खाई में जारी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा उपमंडल के पेड़चा मार्ग में हुआ है जहां कार्य पर जा रही एक जेसीबी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी है। घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य में जुट गई है। जबकि हादसे में घायल लोगों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार लाया जा रहा है। घायलों को प्राथमिक उपचार एंबुलेंस के भीतर दिया गया है और उसके बाद उन्हें बंजार अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस घटना में अब तक 52 वर्षीय चमन, 51 वर्षीय पलकू राम और 50 वर्षीय ताराचंद सहित चार लोगों को घायल अवस्था में खाई से बाहर निकाला गया है, जबकि मौके पर अन्य लोगों को ढूंढने का कार्य जोरू पर चला हुआ है। उधर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी है।