शिमला, 16 जनवरी : हिमाचल कांग्रेस में रविवार को उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब सोशल मीडिया पर नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति की पोस्टें वायरल होने लगीं। सुक्खू समर्थकों ने ऐसी पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें बधाई भी दे डाली। जबकि पार्टी आलाकमान की तरफ से पीसीसी चीफ की नियुक्ति बारे अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर सुक्खू को अध्यक्ष बनाए जाने सम्बंधी पोस्टों से पार्टी नेताओं में खलबली मच गई और नेताओं के मोबाइल पर फोन कर कार्यकर्ता इस तरह की नियुक्ति की जानकारी लेने लगे। आखिरकार सुक्खू खुद सामने आये और सोशल मीडिया पर उन्होंने ऐसी किसी नियुक्ति से साफ इंकार किया।
सुक्खू ने फेसबुक पर लिखा है “मैं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व अन्य किसी पद की दौड़ में नहीं हूं। कुछ स्वार्थी तत्व अफवाहें फैलाकर कांग्रेस आलाकमान के समक्ष गलत राजनीतिक तस्वीर पेश करना चाहते हैं। यह राजनीतिक विरोधियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। ऐसा कर स्वार्थी तत्व अपने हितों की पूर्ति करना चाह रहे हैं।”
सुक्खू ने लिखा है कि “मैं कांग्रेस पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। जिसके साथ हाथ का निशान है, वह हर उस कार्यकर्ता, पदाधिकारी व नेता के साथ हैं। मेरा कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं।”
बता दें कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर का 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस उपलक्ष्य पर जिला शिमला कांग्रेस कमेटी, शहरी व ग्रामीण संयुक्त तौर पर सोमवार 17 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कुलदीप राठौर के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है।
दिलचस्प यह है कि जनवरी 2019 में सुक्खू को हटाकर कुलदीप राठौर को पीसीसी चीफ बनाया गया था।
सुक्खू वर्ष जनवरी 2013 से जनवरी 2019 तक छह साल तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे थे।