शिमला, 16 जनवरी : हिमाचल प्रदेश में रविवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकतर भागों में सुबह से घने बादल छाए रहे। पुरे दिन धूप नहीं निकली तथा लोगों को ठंड से ठिठुरना पड़ा। राज्य के पर्वतीय इलाकों में मौेसम बर्फबारी के अनुकूल बन गया है। हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश व बर्फबारी नहीं हुई है।
प्रदेश के मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अगले चार दिन बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि यह पश्चिमी विक्षोभ का असर है।
राज्य के मध्यम ऊंचाई व अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 20 जनवरी तक बारिश व बर्फबारी हो सकती है। जबकि मैदानी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। उन्होंने कहा कि बारिश व बर्फबारी को लेकर राज्य में किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।इस बीच बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री का उछाल आया है।
लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलाग में न्यूनतम तापमान सबसे कम -11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौेर के कल्पा में -4.8 डिग्री, कुफरी में -0.6 डिग्री, मनाली में -0.2 डिग्री, शिमला में 4.9 डिग्री, सुंदरनगर में 2.8 डिग्री, भुंतर में 1.5 डिग्री, धर्मशाला में 4.2 डिग्री, उना में 6.8 डिग्री, नाहन में 8.3 डिग्री, पालमपुर में 4.5 डिग्री, सोलन में 2.5 डिग्री, कांगड़ा में 5 डिग्री, मंडी में 4.8 डिग्री, बिलासपुर में 5 डिग्री, हमीरपुर में 5.4 डिग्री, चंबा में 4.9 डिग्री, डल्हौजी में 5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 6.3 डिग्री और पांवटा साहिब में 10 डिग्री सेल्सियस रहा।