शिमला, 07 जनवरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काफले को रोकने की घटना के विरोध में हिमाचल और चंडीगढ़ भाजपा ने वीरवार को शिमला में संयुक्त रूप से शव यात्रा निकाली।
इसकी अध्यक्षता भाजपा के चंडीगढ़ प्रांत के महामंत्री रामवीर भट्टी ने की। उनके साथ चंडीगढ़ नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षद भी उपस्थित रहे।
शव यात्रा चौड़ा मैदान से विधान सभा तक चली जहां कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के शव को अग्नि दी।
इस अवसर पर रामवीर भट्टी ने कहा कि बीते रोज पंजाब में नरेंद्र मोदी के काफिले को रोका गया तथा यह चन्नी सरकार की एक बड़ी साजिश थी। ये पूरी योजना राहुल और प्रियंका गांधी द्वारा बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी नही चुहन्नी है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनलोकप्रियता से डर गए थे तथा यह पहली बार हुआ है कि देश के किसी प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एक सरकार द्वारा चूक हुई है।
उन्होंने कहा कि एक प्रधानमंत्री को सुरक्षा देना प्रदेश की सरकार का जिम्मा होता है और यह जिम्मेदारी निभाने में पंजाब सरकार चूक गयी है। अब चन्नी मुख्यमंत्री के रूप में अपनी नाकामी को छुपाने की कोशिश कर रहे है।
उन्होंने आरोप जड़ा कि चन्नी और उनके मंत्री देश के गद्दार है और देश के विपरीत काम करने वाले संगठनों के इशारे पर चलते है, इस घटना से स्पष्ट है कि चन्नी सरकार निकम्मी है और उसे तुरंत प्रभाव से बरखास्त करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 42000 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास करना था जो कि पंजाब की जनता के लिए बड़ा काम था। उन्होंने कहा कि पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए।