चंबा, 12 दिसंबर : चरस तस्करी करने वाले लोगों पर चंबा पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। रविवार को चंबा पुलिस की ओर से दो मामलों में 2 किलो 39 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। दोनों मामलों में संलिप्त आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में पुलिस थाना सदर चंबा की टीम गश्त के दौरान गुणुनाला में मौजूद थी। इसी दौरान लालदीन गांव गुंडेल डाकघर कल्हेल तहसील चुराह आया जो पुलिस को देखकर घबरा गया।
पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली और उसके कब्जे से 1.142 किलोग्राम चरस बरामद की गई। दूसरा मामला पुलिस थाना डलहौजी में दर्ज हुुआ। पठानकोट भरमौर नेशनल हाईवे पर बौंखरी मोड़ के समीप एसआईयू टीम ने नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक कार को तलाशी के लिए रोका गया। गाड़ी को चालक महसूब निवासी गांव लखन तहसील चुराह चला रहा था। तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो 248 ग्राम चरस बरामद करने में पुलिस को कामयाबी मिली।
चालक के खिलाफ पुलिस थाना डलहौजी में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा- 20, 25 के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डलहौज़ी के डीएसपी विशाल वर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है।