शिमला (एमबीएम न्यूज़) : हिमाचल विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान बेसहारा व असहाय पशुओं का मुद्दा सदन में छाया रहा। कई विधायकों ने इस मसले पर चिंता जताई और सरकार ने स्थाई समाधान निकालने की मांग की।
विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल, विधायक जय राम ठाकुर, आशा कुमारी, रिखी राम कौंडल, सतपाल सत्ती, महेश्वर सिंह तथा वीरेन्द्र कंवर ने इस पर अनुपूरक सवाल किए। साथ ही बेसहारा पशुओं की बढ़ती तादाद और इनके आश्रय पर सुझाव दिए। बेसहारा पशुओं को लेकर विधायक बिक्रम सिंह जरयाल ने मूल सवाल किया था।
जिस पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में गौ सदन का निर्माण करना मुश्किल है लेकिन सरकार कलस्टर आधार पर इनका निर्माण करके बेसहारा पशुओं को आश्रय देगी। इस संबंध में सरकार हाईकोर्ट के सामने अपनी राय रखेगी। उन्होंने माना कि बाहरी राज्यों से भी यहां पशुओं को छोडा जाता है, जिसपर रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों की सीमाओं पर चौकियां स्थापित कर इसपर निगरानी रखी जाएगी और इन्हे पूरी तरह से सील किया जाएगा।