चंबा, 17 नवंबर : पंचायत प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नाव के सहारे बांध पार कर अढ़ाई किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर 57 लोगों का टीकाकरण किया है। मामला ग्राम पंचायत मेल के गांव भोटन का है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छुट्टी होने के बाद टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अपनी सेवाएं दी। इसमें 54 लोगों को कोरोना टीकाकरण की दूसरी और तीन लोगों को पहली डोज लगाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव में काफी लोग दूसरी डोज लगाने के पात्र थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ राहुल नरूला, सुपरवाइजर दर्शना, कविता मोनिला राणा, परमजीत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उषा देवी, पंचायत प्रधान प्रकाश चंद, पंचायत सचिव भीम सिंह और वार्ड पंच सुनील सिंह भोटन जाने के लिए सुबह निकले। टीम ने संधारा से नाव से तीन किलोमीटर का सफर तय किया। इसके बाद टीम बरला पहुंची। जहां से करीब अढ़ाई किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर टीम भोटन गांव पहुंची। जहां लोगों का टीकाकरण किया गया।
दरअसल, ग्रामीण टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचने में असमर्थता जताई थी। ग्रामीणों का तर्क था कि उन्हें मेल पहुंचने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ेगी। इसलिए गांव में ही टीकाकरण शिविर लगाया जाए। प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गांव में ही लोगों का वैक्सीनेशन किया। ग्राम पंचायत मेल के प्रधान प्रकाश चंद ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर जाकर लोगों का टीकाकरण किया। इसके लिए उन्होंने प्रशासन का आभार जताया है।