नाहन, 24 अक्तूबर : हिमाचल के सिरमौर के पांवटा साहिब से ताल्लुक रखने वाला लड़का अहमद कबीर शादान जल्द ही फिल्मी पर्दे पर नजर आएगा। बड़ी बात ये है कि कबीर की फिल्म जगत में जबरदस्त किरदार से एंट्री हो रही है। हीरो ऑफ़ द नेशन ‘‘चंद्रशेखर आजाद’’ फिल्म के निर्माताओं ने फस्र्ट लुक आउट जारी किया है। इसमें पोस्टर जारी हुआ है।
क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के जीवन पर आधारित अपनी तरह की पहली फिल्म के मार्च 2022 में रिलीज होने की संभावना है। हालांकि, कबीर पहले म्यूजिक एलबम के अलावा वैब सीरीज में भी अपना हुनर दिखा चुके हैं, लेकिन ऐसा किरदार मिलने से जबरदस्त तरीके से उत्साहित हैं। बता दें कि फस्र्ट लुकआउट में चंद्रशेखर आजाद को सिग्नेचर मुद्रा में मूछे घुमाते हुए दिखाया गया है। करीब तीन महीने से कबीर चंद्रशेखर आजाद के जीवन से जुड़ी हर बारीकी को खंगाल रहे हैं, साथ ही उन क्षेत्रों में भी जा चुके हैं, जहां देश के वीर सपूत ने अपना अधिकांश समय गुजारा था।
इस फिल्म में चंद्रशेखर आजाद की मां का किरदार जमाने की मशहूर अभिनेत्री जरीना वहाब ने निभाया है, जबकि पिता की भूमिका रजा मुराद निभा रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के कांतिकारी रहे। फिल्म निर्माताओं का ये भी कहना है कि अधिकांश क्रांतिकारियों पर फिल्में बनी हैं, लेकिन आजाद के जीवन से जुड़े कई पहलू अनकहे हैं। भगत सिंह के साथ मिलकर क्रांतिकारी संगठन बनाया गया था। अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी गई। भगत सिंह की गिरफ्तारी के बाद कुछ देशद्रोहियों के कारण उनका संगठन बिखर गया था।
ये भी पढ़ें : यशराज स्टूडियो में संकलित गीत ‘‘कमली’’ बन रहा पसंद, हिमाचली रितु सूद व अहमद कबीर का हुनर
खास बातचीत….
एमबीएम न्यूज नेटवर्क से फोन पर बातचीत में कबीर ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के जीवन का किरदार निभाना खुद में ही एक बड़ी चुनौती है। इसे निभाने से पहले वो उनकी जन्मस्थली के अलावा जुड़े इलाकों में भी जा चुके हैं। फिल्म इलाहाबाद के क्रांतिकारी पलों के साथ-साथ मां के साथ उनके बंधन को भी दर्शाया जाएगा।
कबीर ने कहा कि स्वतंत्रता के क्रांतिकारी वीर चंद्रशेखर आजाद के जीवन के रहस्यों को इस फिल्म के माध्यम से बताने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि आजाद का जीवन रहस्यों से भरा हुआ था। उनके साथी क्रांतिकारियों के माध्यम से उनके निजी जीवन के बारे में बहुत कम जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि फिल्म में दर्शकों को उनकी मां व क्रांतिकारी दुर्गा भाभी विश्वनाथ के साथ-साथ आजाद के पिता सीताराम तिवारी व मां जागरानी देवी के व्यक्तित्व से भी परिचित करवाया जाएगा।
29 साल का सिरमौरी छोकरा बना दुबई में अरबपति राजकुमार सोहेल अलजरुनी का मेहमान
कबीर ने कहा कि चूंकि चंद्रशेखर आजाद एक पहलवान की तरह नजर आते थे, लिहाजा किरदार निभाने के लिए वो दिनों एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। जसबीर सिंह व अनुराधा फिल्म के निर्माता हैं। वहीं धीरज मिश्रा व दर्शन कुमार निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म को धीरज मिश्रा व यशोमति देवी ने लिखा है। फिल्म में इमरान, रितु सूद, पुनीत अग्रवाल, कविता ठाकुर विभिन्न भूमिकाओं में नजर आएंगे।