शिमला, 21 अक्तूबर : जुब्बल कोटखाई विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा ने भाजपा की टिकट न मिलने पर बगावत कर निर्दलीय ताल ठोकी है। जुब्बल-कोटखाई भाजपा मंडल के कई पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफे देकर चेतन बरागटा के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महामंत्री समेत 13 पदाधिकारियों को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनकी प्राथमिक सदस्यता को भी तुरन्त प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
प्रदेश भाजपा के कार्यालय सचिव प्यार सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैइक, मंडल महामंत्री सतीश, मंडल उपाध्यक्ष अशोक और रामप्रकाश, महासू जिला उपाध्यक्ष देविंदर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य यशवीर और संदीप, विशेष आमंत्रित सदस्य रविन्द्र, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा महासू अंकुश चौहान, युवा मोर्चा जिला महामंत्री सुशील, मंडल कार्यकारिणी सदस्य चेतन, राजेश और अनिल को भाजपा से निष्कासित किया गया है।
बता दें कि जुब्बल कोटखाई से भाजपा ने जिला परिषद सदस्य रही नीलम सरैक पर दांव खेला है। वह कैबिनेट मंत्री व जुब्बल कोटखाई भाजपा प्रभारी सुरेश भारद्वाज की करीबी हैं। वहीं कांग्रेस की तरफ से पूर्व विधायक रोहित ठाकुर फिर किस्मत आजमा रहे हैं।
इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में चेतन बरागटा और सुमन कदम चुनाव मैदान में हैं। जुब्बल कोटखाई उपचुनाव में 70 हज़ार के करीब मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।