मंडी, 19 अक्तूबर : देश में कांग्रेस ने लंबे समय तक राज किया और बहुत से घोटालों में कांग्रेस सरकार और कांग्रेसी नेता शामिल रहे हैं जिसके कारण कांग्रेस के राज में देश को बहुत नुक्सान हुआ है। यही कारण है कि आज महंगाई और बेरोजगारी देश व प्रदेश में बढ़ती जा रही है। इसके विपरीत देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार का सात वर्षों का कार्यकाल बेदाग पुरा हुआ है। यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोकसभा उपचुनाव के दौरान मंडी में अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज में मंगलवार को कही।
उन्होंने सराज के बालीचौकी में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश आज जिन समस्याओं से घिरा है, उसके लिए देश में लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी ने हजारों करोड़ के घोटाले कर देश को नुक्सान पहुंचाया है। जबकि इसके विपरीत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सात वर्षों से बनी सरकार बेदाग है और देश विश्व गुरु बनने की तरफ अग्रसर है।
वहीं सराज के बसाण में चुनावी जनसभा में जयराम ठाकुर ने प्रदेश में रही कांग्रेस की सरकारों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश को छः बार के सीएम दिए वहां की पंचायतें और गांव आज भी सड़क सुविधा से महरूम हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व के सीएम डोडरा क्वार हैलीकाप्टर से ही जाते रहे और वहां तक सड़क बनाना भूल गए। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार ने वहां तक सड़क सुविधा पहुंचाने का कार्य किया है और जल्द ही उत्तराखंड के साथ सड़क को मिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो विकास के कार्य दिवंगत वीरभद्र सिंह छः बार सीएम रहते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र में नहीं कर पाए उससे कहीं ज्यादा विकास कार्य सराज में बीते चार वर्षों से प्रगति पर चले हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने 68 विधानसभाओं का दौरा किया है और सभी विधानसभओं में करोड़ों की विकास योजनाएं प्रगति पर हैं।
हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा के मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव के के लिए मंडी जिला के सराज में बसाण, बालीचौकी, खनेटी, थाटा और च्यूणी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए समर्थन भी मांगा। इस दौरान भाजपा के प्रत्याशी भी उनके साथ मौजूद रहे।