मंडी, 15 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर के द्वारा मंडी लोकसभा उपचुनाव की कांग्रेस प्रत्याशी पर मजबूरी में चुनाव लड़ने के बयान पर सियासत गर्माने लगी है। सीएम के गृह जिले में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने उस बयान पर पलटवार किया है।
शुक्रवार को मीडिया को जारी किए एक बयान में प्रतिभा सिंह ने सीएम जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने मजबूरी में चुनाव लड़ने की बात कबूल करते हुए कहा कि वे आज प्रदेश के हर वर्ग की परेशानी को दूर करने के लिए मजबूरी में चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने भाजपा की सरकार पर आरोप लगाया कि आज प्रदेश में हर वर्ग दुखी है। प्रदेश में महिलाओं के साथ अभद्रता, मारपीट और बलात्कार जैसी घटनाओं में बढ़ौतरी हुई है जिसकी जिम्मेवार प्रदेश की भाजपा सरकार है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश आज माताएं, बहनें और बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। साथ ही महिला उत्थान के वादे भी खोखले साबित हुए हैं। कोरोना काल में कई युवाओं को रोजगार से हाथ धोना पड़ा लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को घरद्वार पर रोजगार मुहैयार करवारने में नाकाम रही है। जिसके कारण आज युवाओं पर बेरोजगारी की मार पड़ी है और वे दर-दर भटकने को मजबूर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकार में हिमाचल प्रदेश के जो हाल हुए हैं उसी मजबूरी में वे चुनाव में उतरी हैं ताकि जनता को राहत मिल सके। शुक्रवार को लोकसभा उपचुनाव के चलते कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने सराज के छतरी, करसोग विधानसभा के करसोग और पांगणा में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ चेतराम, महेंद्र सिंह सहित कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।