सोलन (एमबीएम न्यूज़) : भाजयुमो मंडल सोलन के अध्यक्ष भरत साहनी ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को कांग्रेस अन्य घटक दलों के साथ मिलकर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व राष्ट्रीय हितों की परवाह नहीं कर रहा हैं और राष्ट्र की एकता एवं अखंड़ता को तोडऩे में जुटा हैं,जिसे भाजयुमो हरगिज बदार्शत नहीं करेगी। यह आरोप बुधवार को सोलन में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान भाजयुमो नेता भरत साहनी ने लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि जेएनयू जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे बड़े प्रदेशों में जिस तरह से देशद्रोही प्रदर्शन हो रहे हैं उसकी भाजयुमो कड़े शब्दों में निंदा करती है। साथ ही इस मामले में भारत सरकार की तरफ से जो कार्रवाही अमल में लाई गई है उसका मोर्चा खुले दिल से स्वागत करती है। उन्होंने केंद्र सरकार से यह भी मांग की है कि जो भी ताकतें देश को विखंडित करने पर आतुर हैं,जिन्हें अविलंब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।
भाजयुमो नेता भरत साहनी ने पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व देशद्रोहियों का साथ दे रहा है,जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके पार्टी सहयोगियों ने जेएनयू परिसर में जिस तरह से बयान दिए हैं उससे साबित होता है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के मन में राष्ट्रीय हित के लिए कोई स्थान नहीं है। भरत साहनी ने कहा कि भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के दिशा निर्देश पर भारतवर्ष में सद्बुद्धि यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन 18 फरवरी से शुरू होने जा रहा है।
सोलन में सद्बुद्धि यज्ञ कार्यक्रम 20 फरवरी को रखा गया है। जबकि जेएनयू मसले पर भाजयुमो सोलन में हस्ताक्षर अभियान छेड़ेगा। 20 फरवरी को यज्ञ के बाद मालरोड़ स्थित चिल्ड्रन पार्क से हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी 4 मार्च से लेकर 6 मार्च तक मथुरा में भाजयुमो का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। सोलन मंडल से करीब पांच दर्जन कार्यकर्ता इसमें भाग लेने मथुरा जाएंगे। राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी भाग लेंगे।
इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओ ने सोलन में जेएनयू मामले को लेकर विरोध रैली निकाली। रैली विश्रामगृह से शुरू हुई। इसके बाद रैली मालरोड़ होते हुए उपायुक्त चौक पर पहुंची। यहां कई वक्ताओं ने रैली को संबोधित किया। इसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त सोलन मदन चौहान के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष रविंद्र परिहार, भाजयुमो प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शिवम मित्तल, जिला सोलन सोशल मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, पंकज, अभिषेक, रोहित भारद्वाज सहित दर्जनों कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।