शिमला, 05 अक्टूबर : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में किसानों की गाड़ी से कुचल कर हत्या व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रियंका वाड्रा की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। शिमला में जिला कांग्रेस कमेटी शहरी जितेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया, इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी विशेष तौर पर भाग लिया।
कुलदीप सिंह राठौर ने इस दौरान अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश में जंगल राज के चलते सत्ता से जुड़े लोग सरेआम गम्भीर अपराध कर रहें है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना से साफ है की उतर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। राठौर ने उत्तर प्रदेश में प्रियंका वाड्रा की गिरफ्तारी को पूरी तरह अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि भाजपा देश मे लोकतंत्र का गला घोंट रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी नेताओं को जाने से रोकने से साफ है कि भाजपा अपने गुनाहों को छुपाने का पूरा प्रयास कर रही है।
राठौर ने किसानों की इस हत्या के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ठहराया। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल मंत्री के बेटे ने कुछ दिन पूर्व इस आंदोलन को कुचलने की सार्वजनिक धमकी दी थी, पर उस समय प्रशासन ने उसके खिलाफ कोई भी कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते प्रशासन ने कोई कार्रवाई की होती तो इन किसानों की हत्या न होती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हत्याकांड पूर्व सुनियोजित था।
राठौर ने कहा कि देश मे तीन काले कृषि कानूनों को लेकर किसानों का यह आंदोलन एक साल का होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इसे दबाने का पूरा प्रयास करती रही है।