बिलासपुर, 04 अक्टूबर : पूर्व सांसद सुरेश चंदेल की माता सरस्वती देवी के निधन पर शोक जताने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बिना पूर्व निर्धारित शेड्यूल के बैरी पंचायत के गांधी-रोपा गांव में उनके घर पहुंचे। सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल भी उनके साथ थे। उन्होंने चंदेल की माता के निधन पर दुख प्रकट करने के साथ ही शोकाकुल परिवार के सदस्यों से संवेदना भी जताई।
सुरेश चंदेल 3 बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अब वह कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। 10-11 दिन पहले उनकी माता सरस्वती देवी का निधन हो गया था। जानकारी के अनुसार सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भोटा होते हुए सुंदरनगर जाना था, लेकिन अपना रूट अचानक बदलते हुए वह दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे बैरी पंचायत के गांधी-रोपा गांव में सुरेश चंदेल के घर पहुंच गए।
सीएम लगभग आधा घंटे तक वहां रुके। उन्होंने चंदेल की माता के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि जन्म देने वाली मां के हमेशा के लिए चले जाने का दुख वह बखूबी समझ सकते हैं। उन्होंने चंदेल और परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाया। उसके बाद वह सुंदरनगर के लिए रवाना हो गए।