मंडी, 01 अक्टूबर : उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को सिराज में भाजपा मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत के टिप्स दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सिराज हो या जिला शिमला का दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार, प्रदेश के सभी क्षेत्रों में भाजपा सरकार ने वो काम कर दिखाया जो छह बार के मुख्यमंत्री भी नहीं कर पाए।
उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में हमें हराने के लिए कांग्रेस ने कई हथकंडे अपनाए, लेकिन हम जीतते रहे और हम आगे भी जीतते रहेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से मंडी भी जीतेंगे और तीनों विधानसभा सीटों पर भी जीत दर्ज की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है, आगे बढ़िए। अब इतिहास के हिस्से में एक पन्ना रहेगा कि जब हिमाचल में पांच साल बाद सरकारें बदलती थी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज भाजपा की सरकार के चार साल पूरे होने वाले हैं मगर विपक्ष के पास हमारे खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। केंद्र में भी मोदी सरकार को साढ़े सात साल होने वाले हैं, लेकिन मोदी जी के खिलाफ भी विपक्ष को कुछ कहने को नहीं मिला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उप चुनाव में जीत का पुराना रिकॉर्ड बरकरार रखना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाने में हिमाचल पूरे देश में नंबर वन पर आया तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वॉरियर्स से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने सराजियों का जिक्र किया तो पूरे क्षेत्र की जनता को सम्मान मिला।