नाहन (एमबीएम न्यूज): चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को नाहन में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता बलदेव चौहान ने की। बैठक में बोगधार इकाई ने केंद्रीय कार्यकारिणी को एक लाख रुपए का चैक भेंट किया। करीब तीन घंटे चली बैठक में इस बात का गहराई से मंथन किया गया कि चोटी पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कैसे जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। बैठक में प्राथमिकता के तौर पर मंदिर निर्माण के कार्य को पूरा करने पर जोर दिया गया।
अध्यक्ष ने बताया कि प्राचीन शिरगुल मंदिर के बाहर प्रस्तावित चबूतरे के निर्माण के लिए प्रशासन से अनुमति ले ली गई है। इस पर 8 लाख रुपए की राशि का खर्च समिति द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चोटी पर हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। लिहाजा मुख्यमंत्री से 8 जनवरी को आग्रह किया गया था कि पेयजल बारे उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि चोटी पर 18 शौचालयों का निर्माण करीब-करीब पूरा हो चुका है, जिसे मई 2016 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बैठक में मौजूद करीब पांच दर्जन सदस्यों को इस बात से भी अवगत करवाया कि 2009 में कॉरप्स फंड शुरू किया गया था। इसमें 70 लाख के करीब राशि जमा है। इसे डेढ़ करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी के नारायण चौहान, प्रो. अमर सिंह चौहान, अमर सिंह देवा, सतीश ठाकुर, लायक राम शास्त्री, राकेश परमार, सुरेंद्र हिंदुस्तानी, सीताराम तोमर, रमेश राणा, महेंद्र ठाकुर, कंवर ठाकुर व बिजरा तोमर इत्यादि ने भी अपने विचार रखे।
नाहन यूनिट के महासचिव कुंदन ठाकुर ने बताया कि इस साल भंडारे के राशन की व्यवस्था की जिम्मेदारी नाहन यूनिट उठाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्राचीन शिरगुल मंदिर चूड़धार धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को उच्च गुणवत्ता का भंडारा उपलब्ध करवाया जाए।