शिमला (एमबीएम न्यूज): प्रदेश में 1500 कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें 300 पद महिलाओं के होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मार्च 2016 शाम 5 बजे तक होगी। अभ्यार्थी का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण लाजमी है। साथ ही हिदायत है कि जो उम्मीदवार शारीरिक योग्यता पूरी नहीं करते हैं, उन्हें आवेदन नहीं करना चाहिए। ऊंचे कद व दौड़ लगाने में निपुण उम्मीदवार अन्यों पर भारी पडेंगे। 5 फुट 11 इंच के उम्मीदवारों को 5 अंक पूरे मिलेंगे। लिखित परीक्षा 80 अंकों की होगी।
एक घंटे की इस परीक्षा में हिन्दी, अंग्रेजी के अलावा सामान्य ज्ञान, गणित, साईंस इत्यादि होगा। पर्सनेलिटी टैस्ट 15 अंक का रखा गया है। एक सीट पर तीन उम्मीदवारों को आंका जाएगा। बिलासपुर में पुरुषों के 67 व महिलाओं के 17, चंबा में पुरुषों के 91 व महिलाओं के 23 पद, हमीरपुर में पुरुषों के 79 व महिलाओं के 20 पद भरे जा रहे हैं। इसी तरह कांगड़ा को सबसे अधिक 330 पुलिस कांस्टेबल मिलेंगे। इसमें से 264 पुरुष होंगे। किन्नौर में पुरुष व महिलाओं की संख्या क्रमश: 15 व 4 होगी।
कुल्लू में पुरुषों के 77 व महिलाओं के 19 पदों पर नियुक्ति होगी। लाहौल-स्पीति में 6 नियुक्तियां होंगी, इसमें 5 पुरुष रहेंगे। मंडी में 175 व 44, शिमला में 142 व 35, सिरमौर में 93 व 23, सोलन में 101 व 25, ऊना में 91 व 23 पद भरे जाएंगे। आयु की सीमा निर्धारण 1 फरवरी 2016 की तिथि से किया जाएगा। बड़ी बात यह है कि जमा दो की परीक्षा में भाग ले रहे छात्र भी इन नियुक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन साक्षात्कार के समय उन्हें न्यूनतम योग्यता का प्रमाणपत्र देना होगा।
नियुक्तियों के लिए सामान्य श्रेणी का शुल्क 120 रुपए होगा, जबकि आरक्षित श्रेणी का शुल्क 30 रुपए रखा गया है। भर्ती प्रक्रिया सभी जिला मुख्यालयों में होगी। नियुक्तियों में अपडेट के लिए एमबीएम न्यूज नेटवर्क के साथ बने रहें।