नाहन,10 सितंबर : शुक्रवार रात दोसड़का के नजदीक जांगीरुग में भूस्खलन होने का समाचार मिला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक लैंडस्लाइड से शिमला के साथ-साथ श्री रेणुका जी क्षेत्र का संपर्क भी टूट गया है।
फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है लेकिन जमटा से धौला कुआं होते हुए नाहन पहुंचा जा सकता है। रात हो जाने की वजह से हाइवे को बहाल करने में भी देरी हो सकती है। जानकारी के मुताबिक यह लैंडस्लाइड नाहन व दोसड़का के बीच जांगीरुग में हुई है। इसके बाद नाहन से शिमला की तरफ जाने वाले वाहन वापस लौट रहे हैं जबकि दूसरी तरफ वहां फंसे हुए है।
फिलहाल किसी भी वाहन के मलबे की चपेट में आने की सूचना नहीं है। बता दें कि सिरमौर में इस बार दो बड़े भूस्खलन हुए हैं। पांवटा साहिब के शिलाई मार्ग पर भी लैंडस्लाइड हुआ था। इसके अलावा श्री रेणुका जी से संगड़ाह मार्ग पर भी भूस्खलन हुआ। अहम बात यह है कि नाहन से शिमला मार्ग पर इस जगह पहले लैंडस्लाइड कभी नहीं हुआ।
आपको बता दें कि कुछ साल पहले भी इससे कुछ मीटर की दुरी पर श्री रेणुका जी मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड हुआ था। उधर एनएच के अधिशासी अभियन्ता अनिल शर्मा ने एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क को बताया की जल्द की मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।
उधर बस अड्डा प्रभारी सुखराम ठाकुर ने बताया कि भूस्खलन के कारण मौके पर निगम की दो बसें फंसी हुई हैं. इसमें शिमला से आ रही बस भी शामिल है।