संगड़ाह, 24 अगस्त : सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लानाचेता में स्वर्ण आयोग के गठन को लेकर देवभूमि क्षत्रिय संगठन व स्वर्ण मोर्चा ने हुंकार भरी हैै। इस मौके पर पहुंचे अध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर का अन्य पदाधिकारियों के साथ जोरदार स्वागत किया गया है। सभास्थल पर युवाओं की खासी उपस्थिति दर्ज हुई।
देवभूमि क्षत्रिय संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि समूचे विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ‘जय भवानी’ के घोष के साथ प्रदेशाध्यक्ष रूमित ठाकुर ने कहा कि जब 75 प्रतिशत स्वर्ण एकजुट होंगे तो सरकारें भी हिलेंगी। इसकी प्रलय समूचा देश देखेगा। उन्होंने कहा कि अब तक कांगे्रस व भाजपा की लहर की बात होती आई है, लेकिन हमने संकल्प लिया है कि जो इन राजनीतिक दलों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए जो कांटों की सेज बिछाई है, उसे फूलों की सेज में बदलेंगे।
Watch Video : https://youtu.be/GkPhwdS0PFI
उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य है कि बिखरे समाज को एक खूबसूरत माला बनाकर ही दम लेंगे। गौरतलब है कि संगठन ने मांग को लेकर 2 अगस्त को विधानसभा का घेराव भी किया था। विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखकर स्वर्ण आयोग के गठन की वकालत की थी। लानाचेता के कार्यक्रम में अखिल भारतीय स्वर्ण मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन ठाकुर, क्षत्रिय संगठन के सचिव नरेंद्र छिंटा, प्रवक्ता प्रीति राणा, सिरमौर इकाई के अध्यक्ष रविंद्र ठाकुर व मंडल स्तर की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।