कांगड़ा, 20 अगस्त : जिला के पालमपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई है। मामला भवारना पुलिस थाने के तहत पुन्नर के निकट गुजरेहड़ा का है। बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय महिला ने पंखे से लटक कर अपनी जान दी है। मृतक महिला का पति फौजी है और इस समय सिक्किम में तैनात है।
![](https://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2021/06/deadbody-300x158.jpg)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला के मौत के कारणों का पता करने में जुटी हुई है।मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने सास ससुर के साथ ससुराल में ही रह रही थी। महिला का मायका मस्सल में है।
मृतक महिला की अभी तीन साल पहले ही शादी हुई थी। अभी तक उनका कोई बच्चा भी नहीं था। कुछ समय पहले महिला का गर्भपात हो गया था, जिसके चलते महिला कुछ मानसिक तनाव में भी थी। ससुर सेना से कैप्टन सेवानिवृत्त है।
घटना के बारे में पति को सूचना दे दी गई है। हालांकि फ्लाइट के न मिलने के कारण पति के यहां पहुंचने में अभी समय लग सकता है।घटना की सूचना मिलते ही मायका पक्ष के लोग महिला के ससुराल पहुंच गए। जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं पुलिस ने भी देर रात को ही शव को कब्जे में ले लिया था।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। आज शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। थाना प्रभारी संजीव गौतम ने बताया कि पंचनामे के बाद शव स्वजनों को सौंपा जाएगा। मृतका का अंतिम संस्कार पुलिस के पहरे में होगा। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।