शिमला,16 अगस्त : अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा होते ही पूरे विश्व में हड़कंप मच गया है। कई देशों के नागरिक अफगानिस्तान में फंसे हैं। इन्हें अफगानिस्तान से सुरक्षित निकालने की कवायद चल रही है। भारत के भी कई लोग वहां फंसे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सरकाघाट का भी एक युवक वहां फंसा है। प्रदेश की सरकार उसे सुरक्षित भारत लाने की कोशिश में जुट गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज शिमला में कहा कि हिमाचल के एक युवक को अफगानिस्तान में फंसने की सूचना मिली है। युवक के परिवार ने हमसे फोन पर संपर्क साधा है और युवक के बारे में सारी सूचना परिवार से मंगवाई गई है। भारतीय दूतावास को इस संबंध में सूचित कर युवक को सुरक्षित लाने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में हमारे देश के लोगों का अफगानिस्तान में फंसे होना चिंता की बात है। इन्हें सुरक्षित निकालने का भारत सरकार भरसक प्रयास कर रही है। हिमाचल के जो भी लोग वहां फंसे होंगे, उन्हें सुरक्षित यहां लाने की कोशिश की जाएगी।गौरतलब है कि बीते कल करीब ढाई सौ लोगों को अफगानिस्तान से भारत लाया जा चुका है। रविवार को काबुल से पहला विमान दिन में करीब दो बजे पहुंचा। दोपहर करीब दो बजे काम एयर के विमान से करीब 100 यात्री दिल्ली पहुंचे। इसके बाद एयर इंडिया के विमान से शाम सात बजे करीब 120 यात्री पहुंचे।
बता दें कि हिमाचल के निजी विश्वविद्यालयों में अफगानिस्तान के कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें से कई ऐसे हैं जिनके रिश्तेदार अभी भी अफगानिस्तान में ही रहते हैं। वहां रहने वाले लोगों के लिए इनके मन में काफी चिंता है।