मंडी, 12 अगस्त : सुना था, प्रदेश में केवल सराज में विकास हो रहा है लेकिन यह एक गलत फहमी निकली। यह बात वीरवार को अपने मंडी जिला के दौरे के पांचवे दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने जंजैहली में कही। सराज के जंजैहली में आयोजित सराज कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में उन्होंने कहा कि सराज में हालात खराब हैं। सराज में सड़कों की हालत दयनीय है और प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र में 12 हेलीपैड का निर्माण करवा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार के मुखिया पर सराज में जनता के धन का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने प्रदेश के सीएम के गृह विधानसभा क्षेत्र में जमकर जुबानी हमले बोलते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने जिला व गृह विधानसभा में विकास करवाने में असफल साबित हुआ हो उससे प्रदेश के विकास की क्या उम्मीद रखी जा सकती है। उन्होंने सराज में हुए विकास का श्रेय कांग्रेस पार्टी की सरकारों को दिया। इससे पूर्व उन्होंने सराज के जंजैहली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया और कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों के चलते जोश भरने के साथ ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों व स्थानीय नेताओं की नब्ज भी टटोली।
वहीं, इस मौके पर कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मंडी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व में मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर ने भी प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मंडी जिला के साथ-साथ सराज में लोकल ठेकेदारों को काम न देकर बाहरी राज्यों की बड़े ठेकेदारों को ही मात्र क्षेत्र में विकास कार्यों से संबंधित काम देने का गंभीर आरोप लगाया।
मंडी जिला के दौरे के पांचवें दिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष का सराज के क्षेत्र में पहुंचने पर लठियाणी, कांढा, थुनाग व जंजैहल में युवा कांग्रेस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उपरांत इसके प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर करसोग के लिए रवाना हुए।
इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव व युवा नेता आदित्य विक्रम सिंह, कांग्रेस कमेटी के महासचिव चेत राम ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रिंकू चंदेल, तरूण ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।