शिमला, 12 अगस्त : हिमाचल प्रदेश सरकार 3 साल में जलजीवन मिशन के लिए मिले 1132 करोड़ की धनराशि को खर्च करने में नाकाम रही है। बीते 3 वर्ष में हिमाचल को केंद्र सरकार से 2240 करोड़ रुपए की धनराशि मिली थी। इनमें राज्य सरकार 1107 करोड़ की राशि ही खर्च कर पाई है। शेष 1132.55 करोड़ रुपए सरकार अभी तक खर्च नहीं कर पाई है। केंद्र से हिमाचल सरकार को वर्ष 2019-20 के दौरान 221.29 करोड़ रुपए, 2020-21 के दौरान 589.73 करोड़ रुपए और 2021-22 के लिए 1429.08 करोड़ रुपए मिले हैं। इनमें से प्रदेश सरकार अभी तक 1101.55 करोड़ रुपए की खर्च कर पाई है। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बुधवार को विधानसभा में विधायक रमेश ध्वाला के सवाल के जवाब में दी।
महेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2019-20 में प्रदेश के जलजीवन मिशन के तहत केंद्र सरकार की ओर से जारी राशि में 8.4 करोड़ रुपए, 2020-21 के दौरान जारी राशि में 218.47 करोड़ रुपए और 2021-22 के लिए जारी राशि में से 906.12 करोड़ रुपए खर्च किए जाने शेष हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल जीवन मिशन शुरू होने के बाद से अब तक 601840 नल स्थापित किए गए।
विधायक विशाल नैहरिया के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला कॉलेज में जल्द विज्ञान भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण कार्य 62 प्रतिशत पूरा हो गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भवन का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए और बजट का प्रावधान किया जाएगा ताकि इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके।
विधायक बलबीर सिंह वर्मा के एक सवाल के जवाब में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि अप्रैल 2022 तक चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शेष रह गए 33 टावर लगाने का काम पूरा कर दिया जाएगा। सुखराम चौधरी ने कहा कि चौपाल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत 66 केवी सब-स्टेशन की 66 केवी सैंज-चौपाल लाइन के 37 टावर स्थापित किए जा चुके हैं। सब-स्टेशन को स्थापित करने के लिए 522.56 लाख रुपए और 66 केवी लाइन को स्थापित करने के लिए 2637.43 लाख रुपए की धनराशि व्यय की जा चुकी है।
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के सवाल में उर्जा मंत्री ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले मोहनी में निर्माणाधीन 33 केवी सब-स्टेशन के साईट डेवलपमेंट और कंट्रोल रूम बिल्डिंग का काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस साल नवंबर में सब स्टेशन के निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम बिल्डिंग का कार्य प्रगति पर है।