ऊना, 07 अगस्त : जिला मुख्यालय के नजदीकी गांव डंगोली में सांड के हमले में घायल हुए (53) व्यक्ति चंडीगढ़ के पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्ण सिंह पुत्र वरियाम सिंह निवासी डंगोली के रूप में की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच को आगे बढ़ा दिया है।
जानकारी के मुताबिक एक अगस्त को डंगोली में आवारा सांड ने स्वर्ण सिंह पर उस वक्त हमला कर दिया जब वह प्राचीन महादेव मंदिर के गेट के पास ऊना हमीरपुर हाईवे पर कहीं जा रहा था। सांड के हमले में घायल स्वर्ण सिंह को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसके चंगुल से छुड़ाया और तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया।
क्षेत्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद फॉरेन स्वर्ण सिंह को पीजीआई रैफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात स्वर्ण सिंह की मौत हो गई। डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।