शिमला, 5 अगस्त : डल्हौजी की विधायक आशा कुमारी ने आज विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भारतीय हॉकी टीम को शानदार प्रदर्शन की बधाई दी और प्रदेश सरकार से वरूण कुमार को कैश अवॉर्ड घोषित करने की मांग की, ताकि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिले। टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर चार दशकों का सूखा खत्म करने वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम के प्रदर्शन से पूरे देश में जश्न का माहौल है।
हिमाचल के खेलप्रेमियों का सीना भी गर्व से उंचा हो गया है, क्योंकि कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरूष हॉकी टीम में हिमाचल प्रदेश से जुड़ा एक खिलाड़ी शामिल है। हिमाचल के चंबा जिला के डल्हौजी के रहने वाले वरूण कुमार टोक्यो ओलंपिक में खेलने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे हैं। हालांकि डिफेंडर वरूण कुमार को टोक्यो ओलंपिक की भारतीय हॉकी टीम में अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया था।
वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि नियमों के तहत इस तरह का प्रावधान करने पर विचार करेंगे। इससे पहले आज प्रश्नकाल के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी।