पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज): 40 सदस्यों की पांवटा बीडीसी के अध्यक्ष पद पर किस्मत ने भाजपा का साथ दिया। भाजपा के रमेश कुमार तोमर ड्रॉ के जरिए हॉट सीट पर काबिज हो गए। तोमर व कांग्रेस प्रत्याशी परविंद्र सिंह को 20-20 मत पड़े। इसके बाद अध्यक्ष पद की कुर्सी का फैसला पर्ची से किया गया, जिसमें भाग्य ने रमेश कुमार तोमर का साथ दिया। उपाध्यक्ष पद पर उन सदस्यों ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया, जिन्होंने अध्यक्ष पद के लिए परविंद्र को वोट दिया था, क्योंकि उपाध्यक्ष पद के चुनाव में क्रॉस वोटिंग भी हुई।
भाजपा के कृष्णकांत को 25 व कांग्रेस के खतरी राम को केवल 15 मत मिले। बता दें कि विगत मंगलवार, 19 जनवरी को बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए चुनावी बैठक हुई थी, जिसमें कुल 22 बीडीसी सदस्य शामिल हुए थे। इसमें भाजपा नेताओं ने सभी पार्टी समर्थित पंचायत समिति का समर्थन होने का दावा किया था। हालांकि, कांग्रेस ने इनमें से तीन सदस्य अपने होने की दावा किया था। इसके बाद अब, बुधवार को चुनाव में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। जीत के बाद भाजपा ने शहर में निकाला विजयी जुलूस व जमकर नारेबाजी की गई।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री व विधायक नाहन विस क्षेत्र डॉ. राजीव बिंदल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी, शिलाई विस विधायक बलदेव तोमर, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य मनीष तोमर, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय कौशल, पांवटा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, नाहन के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह, अमर सिंह तोमर, दिनेश नेगी, सुमेर चंद धीमान, नीरज भंडारी समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।