नाहन (एमबीएम न्यूज): हरियाणा सरकार ने नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल को आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने पर ताम्रपत्र प्रदान किया है। 1975 से 1977 के दौरान बिंदल भी उस वक्त जेल गए थे, जब वह 1975 में आयुर्वैद महाविद्यालय कुरुक्षेत्र के छात्र थे। हरियाणा सरकार ने विधायक को ताम्रपत्र गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदान किया। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल का ऐलान किया था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेतृत्व में आपातकाल का विरोध शुरू किया गया था। भाजपा कार्यालय प्रमुख ने जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि एमरजेंसी के दौरान अखबार प्रकाशित होने बंद हो गए थे। ऐसे में खबरें छापने व उन्हें घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी डॉ. बिंदल को दी गई थी। इसी कारण छात्रकाल में डॉ. बिंदल को जेल में बंद कर दिया गया था। ताम्रपत्र को हरियाणा के खनन मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में प्रदान किया गया।