नाहन (एमबीएम न्यूज): लोकतंत्र के पर्व में जो व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग करता है, सही मायनों में वहीं राष्ट्र का सच्चा नागरिक है। यह विचार अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने आज यहां जिला परिषद भवन में निर्वाचन विभाग के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
द ग्रेट खली ने कहा कि चुनाव के दौरान असंख्य लोग वोट नहीं डालते, जोकि लोकतंत्र की परंपरा एवं गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वयस्क व्यक्ति को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए, जिससे लोकतंत्र को बल मिलता है। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने का भी आहवान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में युवा पीढ़ी जिस प्रकार विभिन्न प्रकार के नशे का शिकार हो रही हैं, वह किसी भी समाज के लिए एक अभिशाप है।
द ग्रेट खली ने अपने संबोधन में कर्मचारियों का भी आहवान किया कि वह अपने दायित्व को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाएं और लोगों के कार्यों को समय पर निपटाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारी कर्मचारी आम जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मचारी किसी भी पद पर आसीन हो, परंतु उसे अपने दायित्व को समर्पण की भावना से निभाना चाहिए, जोकि राष्ट्र के प्रति एक सच्ची सेवा होगी।
इस अवसर पर डीसी सिरमौर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बीसी बडालिया ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर शपथ दिलाई। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त मनमोहन शर्मा, वन अरण्यपाल वाईपी गुप्ता, एसडीएम नाहन टाशी संदुप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नए मतदाताओं को भी मिले पहचान पत्र
इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों की भाषण प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें होली हॉर्ट पब्लिक स्कूल की शगुन गौड ने प्रथम, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की तनिष्का ने द्वितीय और एवीएन स्कूल की नीतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। द ग्रेट खली ने इन प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा नाहन शहर और इसके आसपास के 22 मतदान केंद्रों के 50 से अधिक नए पंजीकृत मतदाताओं को भी मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए गए।