शिमला, 15 जुलाई : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिवंगत वीरभद्र सिंह के अस्थि कलश रामपुर राजमहल से पूरे सम्मान के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में लेकर आये, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र सिंह अमर रहे के नारों के बीच अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। अस्थि कलश के राजीव भवन पंहुचते ही दो मिनट का मौन रखा गया।
पार्टी कार्यालय में मंत्रोच्चार के बाद सभी ब्लॉक अध्यक्षों को यह अस्थि कलश अपने अपने ब्लॉकों में लोगों के श्रद्धासुमन अर्पित करने व अस्थीकलश पावन सरोवरों में विसर्जन करने को सौंप दिए गए।
इससे पूर्व कांग्रेस कार्यालय में जैसे ही अस्थि कलश पंहुचे, पूरा कार्यलय भाव विभोर हो गया।कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने शोक उदगार में कहा कि प्रदेश ने अपना एक महान नेता,एक महान व्यक्तित्व को खो दिया,जिसकी कमी हमेशा खलेगी।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की लोकप्रियता का अंदाजा उनके अंतिम दर्शनों में उमड़ी भीड़ से साफ लगाया जा सकता है, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने अपनी नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
राठौर ने कहा कि प्रदेश के हजारों लोगों की इच्छा थी, जो उनके अंतिम दर्शन नहीं कर सकें थे, कि वह अपने प्रिय नेता वीरभद्र सिंह के अस्थि कलश को अपने अपने क्षेत्रों में श्रद्धा सुमन अर्पित करें। इसके लिए उन्होंने उनकी धर्मपत्नी पूर्व सासंद प्रतिभा सिंह व पुत्र विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके इस आग्रह को स्वीकार किया।
राठौर ने स्पष्ट किया कि वीरभद्र सिंह के अस्थियां 17 जुलाई को सुबह 10 बजे के बाद पूरी श्रद्धा से पावन नदियों या सरोवरों में विसर्जित की जानी चाहिए और इसमें सभी कांग्रेस के नेता, विधायक, पूर्व विधायक पार्टी पदाधिकारी व सभी अग्रणी सगंठनों के पदाधिकारी, विभागों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।