धर्मशाला,12 जुलाई : हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। धर्मशाला के मैक्लोडगंज के नजदीक भागसूनाग में खड्ड (माझी) के उफान पर आने से पानी का सैलाब सड़क पर तेज बहाव में आ गया। इससे सड़क पर पार्किंग में कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त भी हुई हैं। आशंका जाहिर की जा रही है की बादल फटने की वजह से ऐसी स्थिति पैदा हो गई। घटना से लोगों से दहशत का माहौल भी है। उधर शाहपुर में भी राजोल में पुल के बहने का समाचार मिल रहा है। इस कारण मंडी -पठानकोट हाईवे पर आवाजाही बाधित हुई है।
Watch Video : https://youtu.be/JB8D0OcdVhQ
प्रवासियो की झोपड़िया भी बह गई। कांगड़ा में ही खड्ड किनारे बने एक घर के गिरने की भी खबर है। उधर एक अन्य जानकारी के मुताबिक पागलनाला में जल स्तर बढ़ने से से औट-लारजी-सैंज मार्ग भी बंद हो गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें व अन्य वाहन भी इस मार्ग पर फंसे हुए हैं। कुल्लू में करीब 15 सड़के भूस्खलन होने से अवरूद्ध हो गई है। वहीं हिमाचल पथ परिवहन निगम की 4-6 बसे फंस हुई है। ब्यास, पार्वती, सरवरी खड्ड के इलावा सिरमौर में यमुना ,गिरी व टौंस नदियों के उफान पर होने की सूचना हैं। सड़क व रास्तों में जगह-जगह पानी के तालाब बनने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी तरफ बारिश से किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है। सेब और अन्य फसलों के लिए बारिश संजीवनी का काम करेगी। बता दे कि मौसम विभाग ने पहले से ही अलर्ट जारी किया हुआ था। कांगड़ा व कुल्लू प्रशासन ने पर्यटकों से आग्रह किया गया है कि वो नदी नालों के समीप न जाएं। फ़िलहाल गनीमत इस बात कि है कि किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है।