शिमला (एमबीएम न्यूज): एक सप्ताह से नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की मुहिम जोरदार तरीके से जारी है। अब ताजा घटनाक्रम में नेरोकोटिक सैल ने कुमारसैन के सैंज से एक युवक को दो किलो 600 ग्राम चरस समेत गिरफ्तार किया है। चरस की कीमत तीन लाख रुपए के आसपास हो सकती है। गौर किया जाए तो 15 जनवरी से पुलिस का नशे के सौदागरों के खिलाफ ताबड़तोड़ हमला उस वक्त शुरू हुआ था, जब पुलिस ने अपने ही विभाग के एक हैड कांस्टेबल से चार किलो 100 ग्राम चरस बरामद की थी। इसमें तीन गिरफ्तारियां हुई थी।
इसके बाद लोकल बस स्टैंड से एक युवक को कैमिकल नशे के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसमें 900 के आसपास कैप्सूल मिले थे। 18 जनवरी को 103 टनल के नजदीक से एक नई बोलेरो से भी कैमिकल नशे का सामान बरामद हुआ। साथ ही एक गिरफ्तारी हुई थी। ताबड़तोड़ हमले में 19 जनवरी को राजभवन के नजदीक से एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके पास भी कैमिकल नशे का सामान बरामद हुआ। फिर अगले दिन कुल्लू के आनी के रहने वाले बहादुर सिंह से एक किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई।
अगला मामला रामपुर में पकड़ा गया, जिसमें एक किलो 800 ग्राम चरस की बरामदगी दर्ज हुई। 21 जनवरी को शोघी के रहने वाले राजेश शर्मा से 720 ग्राम चरस बरामद हुई। 22 जनवरी को रामपुर के नजदीक बेहरा खड्ड में एक युवक से 500 ग्राम अफीम की बरामदगी हुई थी। कुल मिलाकर शिमला पुलिस हर दिन एक नशे के सौदागर को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफल हो रही है। एसपी डी डब्ल्यू नेगी ने कहा कि आज सुबह दो किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।