शिमला, 07 जुलाई : हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना के इस दौर में मास्क का उपयोग अनिवार्य कर दिया है। मगर बड़े पैमाने पर लोग लापरवाही कर रहे हैं। इनमें बाहरी प्रदेशों से हिमाचल घूमने आने वाले पर्यटक भी शामिल हैं। प्रदेश पुलिस द्वारा मास्क न पहनने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है। इससे प्रदेश सरकार के राजस्व को काफी फायदा हुआ है। राज्य में अब तक 88 हजार 95 लोगों के मास्क न पहनने पर चालान काटे गए हैं। इन लोगों से 4 करोड़ 98 लाख 88 हजार 500 रुपए वसूले जा चुके हैं।
कुल्लू जिला में मास्क न पहनने वालों के चालान काट कर सबसे ज्यादा 68 लाख 33 हजार 500 रूपये वसूले गए हैं। वहीं मास्क न लगाने वालों के सबसे ज्यादा चालान उना में काटे गए हैं। दूसरे नंबर पर कांगड़ा और तीसरे नंबर पर शिमला जिला शामिल हैं। उना में मास्क न लगाने पर 12871 लोगों के चालान हुए हैं। कांगड़ा में 12821, शिमला में 9011 और कुल्लू में 8673 लोगों के चालान काटे गए हैं।
प्रदेश पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि चालान जारी करने और जनता पर जुर्माना लगाने का उद्देश्य जनता को कोई वित्तीय कठिनाई पैदा करना नहीं है। प्रदेश पुलिस ने केवल यह संदेश घर तक पहुंचाने के लिए यह मुद्दा बनाया है कि जनता पर कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर हर समय मास्क पहनने की जिम्मेदारी है।
प्रवक्ता ने कहा कि पर्यटक भारी संख्या में हिमाचल प्रदेश का रूख कर रहे हैं। पुलिस ने पर्यटकों से विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया है कि जब वे सार्वजनिक स्थानों पर हों, चाहे घर के अंदर हों या बाहर, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करें।