शिमला, 5 जुलाई : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जानने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को आईजीएमसी शिमला पहुंचे। अपने तय कार्यक्रमों में फेरबदल कर नड्डा हेलीकाप्टर में बिलासपुर से शिमला आए और 9:40 बजे के करीब आईजीएमसी पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड में पहुंचकर नड्डा ने यहां उपचाराधीन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से वीरभद्र सिंह के इलाज के बारे में जानकारी ली।
जेपी नड्डा ने बाद में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वीरभद्र सिंह मजबूत इच्छाशक्ति वाले व्यक्ति हैं और वे जल्द पूर्ण स्वस्थ होंगे। डॉक्टर पूरी ताकत के साथ वीरभद्र सिंह के उपचार में लगे हैं। उन्होंने ईश्वर से वीरभद्र सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। नड्डा ने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रबल इच्छाशक्ति वाले इंसान है और उन्हें आशा है कि वो जल्द स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में प्रदेश की सेवा करेंगे और मानवता के अपने कार्यों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने ईश्वर से वीरभद्र सिंह की लंबी आयु की कामना की है।
बता दें कि जेपी नड्डा तीन दिवसीय प्रवास पर पिछले कल हिमाचल आए हैं। आज वह अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगे। वह कुल्लू में मंडी संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की एक विशेष बैठक को भी संबोधित करेंगे। उनका छह जुलाई को कुल्लू में ही डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर एक समारोह में शिरकत करने का कार्यक्रम है।