कुल्लू, 17 जून : मनाली -काजा मार्ग में भूस्खलन के कारण 30 पर्यटक व अन्य यात्री फंस गए थे। जिन्हें लाहौल स्पीति प्रशासन और रेस्क्यू दल की टीमों ने सुरक्षित निकाला है। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए देर रात 1:30 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और यात्रियों को कोखसर सुरक्षित पहुंचाया गया। इनमे से कुछ यात्रियों को रैस्ट हाउस में ठहराया गया और कुछ यात्री मनाली की ओर निकल गए।
एसपी लाहौल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि कोखसर चौकी में बीती रात करीब 6 बजे सूचना मिली कि काजा मार्ग में ग्रांफू जंक्शन से करीब 8 किलोमीटर आगे तीन स्थानों पर भूस्खलन हो गया है, जिस कारण यहां लोसर की ओर से कोखसर के लिए आ रहे यात्रियों के वाहन वहां फंस गए हैं। लिहाजा प्रशासन की ओर से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
बीआरओ की मशीनरी मौके पर भेजी गई। जिन्होंने तीन जगह हुए भूस्खलन से सड़क पर आए मलबे को साफ करने का काम शुरू किया। लेकिन सबसे पहले यात्रियों को वहां से निकालने का प्रयास किया गया ,जिसके लिए एक बीआरओ टिपर (ट्रक) के साथ 5 जिप्सी और 1 बोलेरो कैंपर भेजी गई थी। इनमें सभी फंसे हुए लोगों को रेस्क्यू किया गया।