ऊना, 18 अप्रैल : सीएम जयराम ठाकुर द्वारा इन दिनों हिमाचल प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जाकर कोविड-19 की समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी के तहत आज सीएम जयराम ठाकुर ने आज ऊना जिला मुख्यालय पर अधिकारियों संग बैठक करके कोविड 19 की समीक्षा की। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि इस वक्त हम कोविड-19 के पीक की तरफ बढ़ रहे हैं। संक्रमण का पीक आना अभी बाकी है। ऐसी सूरत में सभी व्यवस्थाओं को अपग्रेड किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि पिछले साल संक्रमण को रोकने में लॉकडाउन ने काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन लॉकडाउन में सभी व्यवस्थाएं बंद हो जाती हैं सभी चीजें एक जगह ठहर जाती हैं। इसका बुरा प्रभाव अर्थव्यवस्था पर व्यापक तौर पर पड़ता है। ऐसी सूरत में अबकी बार लॉकडाउन की तरफ अभी नहीं जाना चाहिए। यदि परिस्थितियां बहुत ज्यादा खराब होगी तो आने वाले समय में परिस्थितियों के मुताबिक फैसला लिया जा सकता है।
वहीँ सीएम ने माना कि हिमाचल प्रदेश में भी वायरस के नए स्ट्रेन की पुष्टि हो चुकी है। यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है। वहीँ हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद कांग्रेस द्वारा इसे सेमीफाइनल करार दिए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इन चुनावों का वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अभी भी फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र और मंडी लोकसभा क्षेत्र का उपचुनाव होना बाकी है। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पर राहत की कुछ बूंदें जरूर गिरी हैं। लेकिन मैं दावे के साथ कहता हूं कि भाजपा की सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद 2022 में फिर से सत्ता संभालेगी।
सीएम जयराम ठाकुर ने अपराध को लेकर विपक्ष द्वारा लगातार निशाने साधे जाने पर भी जमकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अपराध हुए हैं उन सभी घटनाओं में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है और उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है।
ऐसा कोई मामला नहीं है जिस पर पुलिस ने कार्यवाही नहीं की है। लेकिन विपक्ष अपराध के मामले पर प्रदेश भर में एक गलत तस्वीर बनाने की कोशिश कर रहा है कि अपराध बहुत बढ़ चुका है। लेकिन कांग्रेस के अपने सत्ता काल में अपराध का दौर किस प्रकार चलता था उसकी गहराई में मैं नहीं जाना चाहता हूं।