हमीरपुर, 27 मार्च : आखिर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के आदेशों पर झलाण गांव निवासी मंगला देवी को विभाग ने त्वरित पेयजल का नल लगाकर राहत पहुंचा दी। जिससे मंगला देवी ने जल शक्ति मंत्री तथा विभाग का धन्यवाद किया है। मंगला देवी के इस मामले को 8 मार्च महिला दिवस पर एमबीएम न्यूज़ ने मुद्दे को पेयजल की उपलब्धता न होने के लिए उठाया था। मामला जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के ध्यान में आने के बाद उन्होंने विभाग को मंगला देवी के लिए पेयजल उपलब्ध करवाने के आदेश दिए थे।
गौर रहे कि मंगला देवी के पति कमलेश कुमार की दो वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह बीते दो वर्षों से दूर दराज के परम्परागत जल स्रोतों से अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ पेयजल लाने के लिए मजबूर थी। अनुसूचित जाति से संबंधित मंगला ज्यादा पढी लिखी न होने के कारण विभाग तथा पंचायत से भी इस बारे में गुहार लगा चुकी थी, परंतु इस मामले को विभाग ने भी प्रमुखता से नहीं लिया और जब इस मामले को उठाया तो इसकी आवाज जल शक्ति मंत्री के पास पहुंची तो उन्होंने इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए विभाग को मंगला देवी के लिए पेयजल उपलब्ध करवाने के आदेश दिए तथा पेयजल प्रभाविता को पेयजल नसीब हो पाया।
मंगला देवी को पेयजल उपलब्ध होने से इस परिवार में खुशी की लहर है। मंगला देवी ने पेयजल आपूर्ति हेतु प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर तथा स्थानीय विभाग का आभार प्रकट किया है।