नाहन, 27 मार्च : शहर के बड़ा चौक बाजार में रिंकू जैन हर पर्व पर कुछ हट कर करने की कोशिश करते हैं। हालांकि शिवरात्रि के मौके पर अपरिहार्य कारणों से विशेष नहीं कर पाए थे, लेकिन रंगों के त्यौहार पर होली के रंगों का जादू बिखेरने की कोशिश कर रहे हैं। लिहाजा, आपके मन में सवाल उठ रहा होगा कि ऐसा क्या कर रहे हैं।
दरअसल, लड्डू गोपाल जी के लिए एक खास रंग तैयार करवाया है। इसमें आप जैसे ही कान्हा को एक खास पाउडर से नहलाएंगे तो कुछ देर बाद पानी बर्फ की तरह जम जाएगा। इसमें कान्हा बेहद ही आकर्षक अंदाज में नजर आएंगे। यही नहीं हर्बल रंगों की बौछार में एक ऐसा कलर भी लेकर आए हैं जो मक्खन की तरह मुलायम होगा।
अपनी धुन से व्यवसाय करने वाले रिंकू जैन का कहना है कि बच्चों को इस पर्व पर दीवाना करने के लिए कई तरह की आइटम्स उपलब्ध हैं। उनका दावा है कि कीमतें भी बेहद कम हैं। 5-10 रुपए से 120 रुपए तक के खास रंग उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अगर लोग आकर सेवा का मौका देते हैं तो निश्चित तौर पर भविष्य में भी उनकी हौसला अफजाई होगी।
उन्होंने दावा किया कि हर्बल कलर व कान्हा जी की विशेष सामग्री को वृंदावन से खास ऑर्डर के तहत बनवाया गया है। उन्होंने कहा कि कान्हा की नगरी मथुरा में होली का अपना ही अंदाज होता है। मगर इस बार खास तरीके से नाहन में भी कान्हा के संग होली मनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि मथुरा में इस बार भी खास तरह के हर्बल गुलाल तैयार किए गए, जिसे उन्होंने नाहन तक पहुंचाने का प्रयास किया है।