पांवटा साहिब, 8 मार्च: सोमवार को शमशेरपुर में दर्दनाक हादसा प्रकाश में आया है। पीछे से आ रहे ट्रक (एचपी71ए-0104) ने आगे चल रही बुलेट को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आने से बाइक पर पीछे बैठे 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक राठौर के तौर पर की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मूलतः मध्य प्रदेश के रहने वाले 45 वर्षीय फौजी राम रतन इस समय नाहन में तैनात है। वो अपनी बुलेट की सर्विस करवाने पांवटा गए हुए थे। इसी दौरान सर्विस स्टेशन का कर्मी पीछे बैठा हुआ था। टायर को चैक करवाने के सिलसिले में ही सर्विस स्टेशन का कर्मी उनके साथ तारूवाला की तरफ जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठा मैकेनिक उछलकर काफी दूर किया। ट्रक के टायर की चपेट में आने से जख्मी हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।