शिमला, 05 मार्च : हिमाचल की भाजपा शासित सरकार का चौथा बजट शनिवार को विधानसभा में पेश होगा। यह ‘पेपरलैस’ बजट होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिनके पास वित्त विभाग भी है, सुबह 11 बजे साल 2021- 22 का यह बजट पेश करेंगे। सदन में शनिवार को प्रश्न काल नहीं होगा। बजट के बाद मुख्यमंत्री की प्रेसवार्ता होगी। मुख्यमंत्री 55 हज़ार करोड़ के करीब बजट पेश कर सकते हैं। पिछले वर्ष राज्य का 49,131 करोड़ रुपये का बजट पेश हुआ था।
मौजूदा कार्यकाल का यह सबसे चुनौती पूर्ण बजट रहने वाला है, जिसका कारण राज्य का साल 2020-21 में कोरोना वायरस की चपेट में रहना है। इस वजह से राज्य की आर्थिकी को भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य पर लगभग 60 हज़ार करोड़ का कर्ज है।
माना जा रहा है कि कोरोना के कारण पैदा हुई स्थितियों से उबरने के लिए सरकार की ओर से इस बार बजट में हर वर्ग को किसी न किसी रूप में राहत देने की कोशिश की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार फॉक्स कर सकती है।